Tuesday, 10 January 2017

संजू भैया जैसा कोई नहीं !!


आज जब मेरे द्वारा सिखाये बच्चे विश्व स्पर्धा से लेकर राष्ट्रीय स्पर्धा में कटनी का नाम पूरी दुनिया में कर रहे है कुछ दिनो पूर्व ही रूस में कटनी के बच्चो नें तिरंगा लहराने में अपना योगदान दिया और दो दिन पूर्व ही कटनी के स्कूल का राष्ट्रीय विजेता होने का सौभाग्य मिला मेरे मन में 10 साल पहले के कुछ लम्हे बरबस ही सामने आ रहे है ।
10 जनवरी 2007 की बात है । मोबाइल की घंटी बज रही थी और साथ में मेरे मन की बेचैनी भी की जाने क्या होगा वो कॉल उठाएंगे भी या नहीं पर तभी आवाज आई “ मैं संजय पाठक बोल रहा हूँ बताइये आपको क्या काम है “,करीब 5-6 सेकंड लंबी सांस लेने के बाद मैंने जबाब दिया “भैया मैं निकलेश जैन एक शतरंज खिलाड़ी हूँ और आपसे मिलना चाहता हूँ “ जबाब मिला 10 मिनट से मेरे घर पर आ जाओ “ मैंने पूछा कहाँ पर तो जबाब मिला “ भट्टा मोहल्ला में मेरे पिता जी श्री सत्येंद्र पाठक जी का घर पूछ लेना पता चल जाएगा ।
जिनसे मैंने मोबाइल बात करने के लिए मांगा था उन्हे वापस कर मैं अपनी दिखने में थोड़ी पुरानी ,कमजोर मगर मेरे सुख-दुख की वफादार साथी अपनी एटलस साइकल से तेजी से मिशन चौक की तरफ भागने लगा वहाँ पहुँचते -2 ही करीब दो तीन बार मेरी साइकल की चेन उतर चुकी थी पर हौसला पूरे जोरों पर था जैसे तैसे उनके घर पहुंचा तो वहाँ खड़े एक चौकीदार शर्मा जी नें मुझे रोक लिया पूछा “कहाँ जा रहे और क्या काम है” , मैंने जबाब दिया संजू भैया नें बुलाया है मुझे उनसे मिलना है आप उन्हे बता दो “ मेरी साइकल देख शर्मा जी नें जबाब दिया इसे बाहर रखो में पूछता हूँ ,मुझे अपनी साइकल और थोड़े पुराने कपड़ो पर गुस्सा भी आया खैर तभी किसी की आवाज आई “ निकलेश हो क्या “ मैंने सर हिलाया “ अंदर आने दो “ मैंने राहत की सांस ली और जैसे शर्मा जी को रौब दिखाते हुए मैं घर के अंदर तेजी से आगे बढ़ गया ।
घास पर वो सामान्य सी और थोड़ी पुरानी प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठे हुए थे उन्होने कहा “ बताओ क्या काम है “ मैंने कहा भैया में शतरंज खिलाड़ी हूँ अभी अभी विश्व अंतर –महाविद्यालय शतरंज स्पर्धा खेलकर मलेशिया से आया हूँ । आगे भी खेलना चाहता हूँ ,अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग भी मुझे मिली है क्या आप मुझे खेलने में कुछ पैसो की मदद कर सकते है , जैसे ही एक सांस में मैंने अपनी पूरी बात कही सोच ही रहा था की सामने से आवाज आई “कहाँ जाना है बताओ” ,मेरे हाथ में श्रीलंका से आनंदा इंटरनेशनल टूर्नामेंट से आया एक आमंत्रण पत्र था मैंने उन्हे दे दिया वो पत्र लेकर उन्होने देखा और अचानक किसी को फोन लगाने लग गए मुझे लगा अन्य लोगो की तरह वो इसे पढ़कर वापस कर देंगे और बोलेंगे तुम थोड़े पैसे रख लो इससे ज्यादा मैं मदद नहीं कर पाऊँगा , पर सामने से आवाज आई “पासपोर्ट नंबर बताओ मैंने याद करके कहा “G0255329” पूछा “कब से मैच है” मैंने कहा “भैया 14 से 19 फरवरी “ वो फिर से मोबाइल पर बात करते हुए थोड़ी दूर चले गए मैं कुछ समझ पता तभी उन्होनेजोर से आवाज दी “ शेष एक ईमेल आया होगा श्रीलंका का टिकट प्रिंट लेकर आओ “ मैं कुछ समझ ही नहीं पा रहा था तभी शेष जी ने उन्हे एक सफ़ेद कागज दिया तो संजू भैया नें मेरी ओर बढ़ाते हुए कहा ये लो श्रीलंका का फ्लाइट टिकट और कल आके चेन्नई का ट्रेन टिकट और कुछ पैसे लेते जाना कितने लगेंगे मैंने बेहद संकोच मैं कहा भैया ये सब हो गया तो कुछ नहीं चाहिए तभी उन्होंने कहा “कल  आके 10000 ले जाना बेटा कुछ पैसे और होने चाहिए वहाँ खर्च तुम्हारे अनुमान से ज्यादा होगा और अपना ध्यान रखना अपने देश ,प्रदेश ,अपने माता पिता और नगर का नाम रोशन करना और किसी से भी मैच खेलना डरना मत तुम किसी से भी जीत सकते हो भरोसा रखना ,कोई परेशानी हो तो वहाँ से फोन लगा देना “मैं कुछ ऐसा महसूस कर रहा था जैसे भगवान खुद किसी रूप में मेरे पास आ गए हो 
18 फरबरी 2007 को श्रीलंका के तत्कालीन खेलमंत्री से पुरुष्कार लेते हुए 

कुछ दिनो बाद मैं श्रीलंका में था और वहाँ,श्रीलंका के नेशनल चैम्पियन को पराजित किया एक भी मैच नहीं हारा और अंतिम राउंड इंटरनेशनल मास्टर पीडीएस गिरिनाथ से ड्रॉ करके मैंने सयुंक्त तीसरा स्थान हासिल किया था , 
तुरंत ही मुंबई से उन्होने मुझे फ्रांस भेज दिया और वहाँ भी मैं अपनी रेटिंग केटेगरी के स्वर्ण पदक जीतने के साथ ग्रांड मास्टर टूर्नामेंट मे सयुंक्त डसवे स्थान पर रहा । 


एक साधारण से गरीब लड़के को जिससे मिले उन्हे 10 मिनट हुए थे के लिए भी इतना कुछ कर देना ,उसे आत्मविश्वास देना उसे सुरक्षा देना उसमें दुनिया जीत लेने का जुनून भर देना ये सिर्फ और सिर्फ संजय पाठक ही कर सकते थे ,संजू भैया सच मैं 40 देश देखने के बाद ,दुनिया को समझने के बाद,दुनिया भर में सम्मान पाने के बाद मैं कह सकता हूँ “संजू भैया जैसा कोई नहीं “ आप जैसा व्यक्तित्व इस शहर को मिला यह यहाँ की जनता के लिए सौभाग्य की बात है ईश्वर आप पर हमेशा अपनी कृपा बनाए रखे ।


सादर नमन 
निकलेश जैन ,
अंतर्राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी